
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पिरान कलियर में एक बार फिर बच्चा चोरी की सनसनीखेज घटना ने दहशत फैला दी है। कलियर थाने से महज चंद कदम की दूरी पर धार्मिक स्थल से मासूम बच्चे के चोरी होने के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं।

पुलिस की कई टीमें दिन-रात तलाश में जुटी हैं, लेकिन अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 5:30 बजे रजिया खातून का सात माह का बेटा मोहम्मद अली दरगाह की मस्जिद के आंगन में एक परिचित व्यक्ति के पास लेटा हुआ था। इसी दौरान परिचित को नींद आ गई। आरोप है कि मौके का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति मासूम को उठाकर वहां से फरार हो गया।

कुछ ही मिनटों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर भारी भीड़ जुट गई, लेकिन मासूम का कहीं कोई पता नहीं चला। सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया तंत्र सक्रिय हो गया, मगर 24 घंटे की भागदौड़ के बाद भी नतीजा शून्य है।
घटना ने इसलिए भी लोगों को झकझोर दिया है क्योंकि करीब आठ महीने पहले कलियर से ही मासूम अबुजर के अपहरण का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बच्चे को चोरी कर दंपति को बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। अब एक बार फिर उसी क्षेत्र से बच्चा गायब होने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि कहीं कोई संगठित गिरोह फिर से सक्रिय तो नहीं हो गया।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध लोगों की पहचान कर पूछताछ की जा रही है और जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके बावजूद मासूम का पता न लग पाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

उधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर गुजरते घंटे के साथ उनकी बेचैनी बढ़ती जा रही है। वहीं धार्मिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मासूम को जल्द से जल्द बरामद कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए।


