
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने उर्मिला सनावर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
दीपिका का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनके पिता को लेकर कथित आपत्तिजनक बयान दिए गए और इसके बाद व्हाट्सऐप कॉल के जरिए उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने और पांच करोड़ रुपये नकद देने का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है।
दीपिका राठौर निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर हरिद्वार ने अपनी रानीपुर कोतवाली पुलिस से शिकायत में बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को उन्होंने सोशल मीडिया पर उर्मिला सनावर के कुछ बयान देखे।
दीपिका के मुताबिक, इन बयानों में उनके पिता सुरेश राठौर, आरती गौड़ और कुछ अन्य लोगों के बीच कथित अवैध संबंध होने की बात कही गई थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन बयानों से उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
व्हाट्सऐप कॉल पर धमकी देने का आरोप…..
शिकायत के अनुसार, उसी रात दीपिका के मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल आई। आरोप है कि कॉल करने वाली उर्मिला सनावर ने उनके पिता से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने और पांच करोड़ रुपये नकद देने की मांग की। दीपिका का दावा है कि मांग पूरी नहीं करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मरवाने तथा गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता…..
दीपिका राठौर ने शिकायत में कहा है कि कथित धमकी के बाद वह और उनका परिवार भयभीत हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उनके परिवार को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्यवाही करते हुए अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया हैं।



