
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) भगवानपुर में नशे में धुत एक युवक ने पुलिस को छकाने के लिए गोली चलाने और जानलेवा हमले की ऐसी झूठी कहानी गढ़ी कि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
लेकिन जब CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने युवक के दावों की पोल खोलनी शुरू की तो पूरी कहानी महज झूठ का पुलिंदा निकली। मामला 7 सितंबर का है। डायल-112 पर सूचना दी गई कि गागालेड़ी रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने एक युवक पर गोली चलाने का प्रयास किया है।
सूचना पर भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां सम्राट कॉलोनी निवासी शुभम शर्मा पुत्र चंद्रमणि शर्मा मिला। पुलिस को बातचीत और हावभाव से उसके नशे में होने का आभास हुआ।
कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही युवक के बयानों का तकनीकी साक्ष्यों से मिलान किया गया। जांच आगे बढ़ी तो उसके बयान कदम-कदम पर झूठे साबित होने लगे।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो शुभम ने आखिरकार सच्चाई कबूल कर ली। उसने बताया कि रास्ते में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
इसी गुस्से में उसने डायल-112 पर गोली चलाने और जानलेवा हमले की झूठी सूचना दे दी।झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में युवक को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



