
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कलियर में दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक से एक बेहद सनसनीखेज और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां कुछ हुड़दंगइयों ने आस्था के इस पवित्र स्थल को अशांति का अड्डा बना दिया।

जानकारी के मुताबिक, दरगाह परिसर के अत्यंत संवेदनशील हिस्से—पैताने—में असामाजिक तत्वों द्वारा पटाखे छोड़कर जमकर उत्पात मचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक रॉकेट पटाखा अचानक वुजू कर रहे एक जायरीन के बेहद करीब आकर फट गया। यह दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद जायरीन दहशत में आ गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गनीमत रही कि इस खतरनाक हरकत में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन यह घटना गंभीर सुरक्षा चूक की ओर साफ इशारा करती है।
दरगाह जैसे धार्मिक और संवेदनशील स्थल पर इस तरह की लापरवाही ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और जायरीन ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद पुलिस और दरगाह प्रबंधन हरकत में आया है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया है कि आस्था के इस केंद्र को अब और मजबूत सुरक्षा की दरकार है।



