
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सिडकुल थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना जोरदार था, महिला समेत 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उनका उपचार चल रहा हैं। 
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम एंकर पैनासोनिक कंपनी की मेटाडोर बस महिला कर्मचारियों को लेकर दवा चौक की ओर आ रही थी। इसी दौरान दवा चौक से हीरो चौक की ओर जा रहे एक बिना नंबर के ट्रैक्टर से बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार महिलाओं में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कुछ महिला कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घायल महिलाएं मुख्य रूप से लक्सर, आन्नेकी और औरंगाबाद क्षेत्र की निवासी हैं और कंपनी से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
