
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) श्यामपुर क्षेत्र के रसियाबड़ के पास मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब दो बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 10 से 15 यात्री घायल हो गए, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि प्राइवेट बस बारातियों से भरी हुई थी जबकि दूसरी बस रोडवेज की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम के समय 112 के माध्यम से कोतवाली श्यामपुर पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी नगर भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे।
बताया गया कि एक प्राइवेट बस देहरादून से बारात लेकर बिजनौर के नागलसोती जा रही थी, जबकि दूसरी रोडवेज बस बिजनौर से हरिद्वार की ओर आ रही थी। रसियाबड़ के पास दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बारात की बस में सवार कई यात्री घायल हो गए और दो व्यक्ति बस में फंस गए। पुलिस व राहत टीम ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है।
अन्य यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। घटना के बाद दोनों बसों को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है और मौके पर यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई है। पुलिस के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं है। इस घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
