
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) AIIMS Rishikesh में इंसानियत की एक मिसाल देखने को मिली, जहां रमज़ान के पाक महीने में एक युवक ने रोज़ा तोड़कर जरूरतमंद मरीज की जान बचाने के लिए प्लेटलेट्स दान किया।
रक्तदान महादान इंसानियत ट्रस्ट के अध्यक्ष Anas Ghazi को सूचना मिली कि ब्लड कैंसर से पीड़ित मोईन (निवासी मुजफ्फरनगर) को बी पॉजिटिव प्लेटलेट्स जंबो पैक की सख्त आवश्यकता है। प्लेटलेट्स की व्यवस्था न होने के कारण परिजन बेहद परेशान थे।

सूचना मिलते ही ट्रस्ट की टीम सक्रिय हुई और साथी सऊद अंसारी व राव अमजद अली को रुड़की से तुरंत ऋषिकेश रवाना किया गया। हालांकि किसी कारणवश राव अमजद अली प्लेटलेट्स दान नहीं कर सके।

ऐसे में सऊद अंसारी ने रमज़ान के पवित्र महीने में रोज़ा तोड़कर मानवता को प्राथमिकता देते हुए प्लेटलेट्स जंबो पैक का दान किया और मरीज के लिए जीवन की उम्मीद जगाई।
अनस गाज़ी ने बताया कि ट्रस्ट के रक्तवीर साथी हमेशा अंजान मरीजों की पीड़ा को समझते हैं और अलग-अलग शहरों में जाकर समय-समय पर प्लेटलेट्स दान कर मानव सेवा का कार्य करते रहते हैं।



