
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद थाना क्षेत्र में स्थित जया मैक्सवेल अस्पताल में हुई संदिग्ध मौत के मामले ने अब बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है।

शनिवार को इस घटना के विरोध में भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया था। लेकिन रविवार को मामला उस समय और गरमा गया।

जब अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ एंबुलेंस के साथ भीम आर्मी प्रदेश महासचिव तेज प्रताप सैनी के होटल पर पहुंच गए। जब जमकर विरोध में नारेबाज़ी की।
जानकारी के अनुसार, जया मैक्सवेल अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की टीम ने रविवार को एकजुट होकर विरोध जताने का फैसला लिया। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर डॉक्टर एंबुलेंस के साथ जुलूस की शक्ल में पतंजलि योग पीठ के समीप तेज प्रताप सैनी के होटल तक पहुंच गए।
होटल के बाहर पहुंचते ही डॉक्टरों और स्टाफ ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। “मुर्दाबाद” और “डॉक्टरों का अपमान बंद करो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से होटल के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत कराया गया।
गौरतलब है कि शनिवार को जया मैक्सवेल अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना दिया था। इस दौरान अस्पताल के बाहर काफी देर तक हंगामा भी हुआ था।

वही भीम आर्मी प्रदेश महासचिव तेज प्रताप सैनी का कहना है कि कोटा मुरादनगर निवासी एक व्यक्ति की मौत मामले कल जया मैक्सवेल अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया था, रंजिश रखते हुए आज अस्पताल की ओर से होटल के भीतर तोड़फोड़ और उनके एक साथ के साथ जातिसूचक शब्द बोलकर अपमानित किया गया। वही उन्होंने कहा कि मामले में तहरीर दी जा रही हैं।



