क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं की साख पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पहले आठ डमी परीक्षार्थियों के पकड़े जाने के बाद अब एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
इस बार मामला फिर से हरिद्वार जिले का है, जहां हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा के दौरान दो बालिकाएं वास्तविक छात्राओं की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ी गईं। इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ परीक्षा व्यवस्था की निगरानी प्रणाली पर सवाल उठाए हैं, बल्कि संगठित नकल गिरोह की आशंका भी मजबूत कर दी है।
शनिवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोहलपुर परीक्षा केंद्र पर गृह विज्ञान की परीक्षा थी। सुबह दस बजे से परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा के दौरान कक्ष संख्या 4 में एक मूल परीक्षार्थी (निवासी कैराना, शामली) की जगह सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र की एक युवती डमी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा दे रही थी।
अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि कक्ष संख्या 5 में तैनात निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने एक अन्य संदिग्ध परीक्षार्थी को दबोच लिया। यह युवती भी मूल परीक्षार्थी (निवासी झाडवन, गंगोह) के स्थान पर फर्जी तरीके से बैठकर परीक्षा दे रही थी।
दोनों का प्रवेश पत्र फर्जी था। इस पर उत्तर पुस्तिका को सील कर दिया गया। साथ ही प्रधानाचार्य ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जिन दो परीक्षार्थी की जगह फर्जी अभ्यर्थी परीक्षा दे रही थीं, दोनों डमी परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं सील की गईं।
परीक्षा केंद्र से रिपोर्ट बोर्ड कार्यालय को भेजी गई वास्तविक छात्राओं की पहचान भी चिन्हित की गई बताया गया कि जिन छात्राओं की जगह परीक्षा दी जा रही थी, वे हरिद्वार के एक इंटर कॉलेज की पंजीकृत छात्राएं हैं।



