उत्तराखंडरुड़कीशिक्षाहरिद्वार

ऑनलाइन शिक्षक प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ

"द टीचर ऐप" के माध्यम से शिक्षकों की क्षमता वृद्धि पर जोर...(पढ़िए खबर)

खबर को सुनिए

क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) जिले के राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के प्रोफेशनल डेवलपमेंट और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन रोशनाबाद सभागार में ऑनलाइन शिक्षक प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारती एयरटेल फाउंडेशन, नीति आयोग और जिला प्रशासन हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

यह कार्यक्रम ‘द टीचर ऐप’ के माध्यम से संचालित होगा, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षकों की क्षमताओं का विकास करना है। इसमें बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (एफएलएन), डिजिटल शिक्षण, कक्षा प्रबंधन और नवीन शिक्षण विधियों जैसे विषय शामिल किए गए हैं।

मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि यह पहल जिले में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले डिजिटल संसाधनों तक पहुंच मिलेगी।

मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने सभी शिक्षकों से ‘द टीचर ऐप’ का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया। जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने तकनीक आधारित प्रशिक्षण को समय की आवश्यकता बताया। डायट रुड़की के प्राचार्य मेराज अहमद ने कहा कि शिक्षक निरंतर सीखते रहेंगे तो शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा।

नीति आयोग के प्रतिनिधि ले. कर्नल जितेंद्र कुमार वर्मा ने वर्चुअली संबोधित करते हुए नवीन तकनीकों को शिक्षण में शामिल करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में एससीईआरटी के असिस्टेंट डायरेक्टर केएल बिजल्वाण, भारती एयरटेल फाउंडेशन की प्रतिनिधि वीणा त्यागी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक शिक्षक संजय वत्स को “प्रोएक्टिव टीचर” की उपाधि देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन श्रीमती संतोष रावत ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!