
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद क्षेत्र के बढ़ेडी राजपूतान,बेल्डा, भारापुर समेत करीब आधा दर्जन गांवों में बुधवार की अल सुबह को बिजली विजलेंस टीम ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की।
इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह से ही गांव की सड़कों पर चहल-पहल बढ़ गई, जब करीब दो दर्जन से अधिक सरकारी गाड़ियों का काफिला गांव में दाखिल हुआ।
गाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे कार्रवाई को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से अंजाम दिया जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग को लंबे समय से बढ़ेडी राजपूतान, घोड़ेवाला, भारापुर भौंरी, डेरा, मर्रगुबपुर, बेल्डा समेत करीब आधा दर्जन गांवों में बिजली चोरी और अवैध कनेक्शनों की शिकायतें मिल रही थीं।
इन्हीं शिकायतों के आधार पर बिजली विजलेंस टीम ने यह विशेष अभियान चलाया। टीम में बिजली विभाग के अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और पुलिस प्रशासन के जवान शामिल थे। कार्रवाई के दौरान के सैकड़ों घरों की जांच की गई, जहां मीटर, वायरिंग और बिजली कनेक्शनों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान करीब 160 घरों में मीटर से छेड़छाड़, तो कहीं अवैध रूप से सीधी लाइन डालकर बिजली उपयोग किए जाने के संकेत मिले। विजलेंस टीम ने ऐसे मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की और कनेक्शन काट दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा जरूर हुई, लेकिन पूरा अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। अधिकारियों ने लोगों से सहयोग की अपील की और स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि बिजली चोरी जैसी समस्याओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से की जा रही है।
क्या कहती हैं एसडीओ अनीता सैनी…..
एसडीओ अनीता सैनी ने बताया कि बिजली चोरी की शिकायत मिल रही थी। जिसके चलते बढ़ेडी राजपूतान, घोड़ेवाला, भारापुर भौंरी, डेरा, मर्रगुबपुर, बेल्डा समेत करीब छह गांव में विजलेंस की टीम ने कार्यवाही करते हुए करीब 160 घरों से बिजली चोरी पकड़ी हैं। जिनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही हैं। और साथ ही विभाग की ओर से आगे भी कार्यवाही की जाएगी।



