क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने शनिवार को कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में रिक्शा चालक हत्याकांड मामले का 48 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है।
खुलासे के चंद घंटों के बाद ही उस वक्त सनसनी फैल गई जब दक्ष मंदिर के पीछे झाड़ियों में एक किशोर का शव बरामद हुआ। 15 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार लक्सर के रायघटी निवासी रोहतास का परिवार वर्तमान में कनखल क्षेत्र में किराए पर रह रहा है। उनका बेटा कुनाल सिंहद्वार के पास कढ़ी-चावल की ठेली पर काम करता था।
शुक्रवार शाम से किशोर के लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लेकिन लगातार बढ़ रही हत्याओं की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कब और कहां पर हुई हत्याएं?….

- हरिद्वार में हर की पौड़ी के पास स्थित दीनदयाल पार्किंग में 10-11 जनवरी 2026 की दरमियानी पार्किंग शुल्क को लेकर हुए मामूली विवाद में 55 वर्षीय मैनेजर सहदेव कुमार की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। हरियाणा के सोनीपत निवासी दो आरोपी, विशाल (22) और सूरज (34), बैरियर तोड़कर भागने के दौरान उन पर कार चढ़ाकर फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया था।
- 27 जनवरी 2026 को मृतक सन्नी अपने मित्रों रोहित एवं राजा के साथ सुल्तानपुर गया था, जहाँ रोहित द्वारा मृतक के पहचान पत्र एवं कुछ नगदी के माध्यम से किश्तों पर एक मोबाइल फोन खरीदा गया। इसके बाद तीनों ने अन्य व्यक्तियों के साथ शराब का सेवन किया। अन्य व्यक्तियों के चले जाने के बाद सन्नी एवं रोहित जंगल की ओर गए, जहाँ नए मोबाइल फोन को लेकर विवाद हो गया। नशे की हालत में विवाद बढ़ने पर रोहित द्वारा सन्नी की हत्या कर शव को पास के गन्ने के खेत में छिपा दिया गया था।
- भगवानपुर में 1 फरवरी 2026 को संत रविदास जयंती शोभायात्रा के दौरान दो गुटों में खूनी झड़प और फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई थी। घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में हुई थी, जहाँ भंडारे के दौरान हुए विवाद में आनंद (28) की गोली मारकर और मांगेराम (45) की पीटकर हत्या की गई थी। हिंसा के बाद तनाव व्याप्त है, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
- 4 फरवरी 2026 को थाना रानीपुर पर एक व्यक्ति रामआसरे पुत्र नाथूराम निवासी विष्णुलोक कॉलोनी रानीपुर द्वारा स्वयं के पुत्र मनीष उम्र 38 वर्ष जो कि पैरो से दिव्यांग था, के गुम होने के संबंध में गुमशुदगी दर्ज की गई। हत्यारोपियों ने ई रिक्शा चालक की गला घोंटकर उसकी जान ले ली। हत्यारोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को प्लास्टिक के कट्टे में भरकर सुपरवाइजर हॉस्टल के पास झाड़ियों में फेंक दिया था और ई-रिक्शा लावारिस छोड़कर फरार हो गए थे, जिसका कल यानी शनिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया था।
- खुलासे से चंद घंटों बाद फिर संदिग्ध हत्या की आशंका: पुलिस के खुलासे के चंद घंटों बाद ही 15 वर्षीय किशोर की नृशंस तरीके से हत्या की आशंका जताई गई हैं। जिसके चलते हुए आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

