
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) नगर पंचायत पिरान कलियर क्षेत्र में पीने के पानी की भारी बर्बादी का मामला सामने आया है।
जहां पर पाइप लाइन लीकेज होने के कारण सड़क पर हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल प्रतिदिन बहकर नाली नालियों में बर्बाद हो रहा हैं। लेकिन संबंधित विभागीय अधिकारी कुंभकर्ण की नींद सोए हुए।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण करीब 15 दिनों से पीने का पानी सड़कों पर बह रहा हैं। जिससे न केवल जल की बर्बादी हुई बल्कि रास्ते पर कीचड़ और फिसलन भी पैदा हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दरगाह साबिर पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में अकीदतमंद जायरीन हाजिरी के लिए कलियर पहुंचते हैं। लेकिन बीच रास्ते में पाइप लाइन लीकेज होने के कारण जायरीनों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं।

वही क्षेत्रवासियों का आरोप हैं कि क्षेत्र में पहले से ही पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होती। कई मोहल्लों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान रहते हैं, वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के चलते करीब 15 दिनों से हजारों लीटर पानी यूं ही नालियों में बह रहा हैं।
लोगों ने कई बार जल संस्थान और नगर पंचायत को सूचना दी, लेकिन कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिसके चलते पानी की बर्बादी से नाराज नगरवासियों में प्रशासन के खिलाफ रोष हैं।
वही नगरवासियों का कहना है कि जब सरकार जल संरक्षण की बात कर रही है, तब जिम्मेदार विभागों की ऐसी लापरवाही शर्मनाक है। स्थानीय लोगों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत की मांग की है।



