ऊर्जा निगम की लापरवाही से करंट लगने से भैंस की मौत, खंभे में दौड़ रहा था करंट
भैंस के पेट में पल रहे 8 माह के बच्चे की भी मौत, पोस्टमार्टम के बाद हुआ खुलासा.....

क्लिक उत्तराखंड:-(ब्यूरो) हरिद्वार जिले में लक्सर के रायसी गांव में बृहस्पतिवार की सुबह लोहे के खंभे में करंट की चपेट में आने से भैंस की तड़प तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर ऊर्जा निगम और पशुपालन की टीम मौके पर पहुंची।
पशु पालन विभाग की टीम ने भैंस का पोस्टमार्टम किया। जिसमें भैंस के पेट में पल रहे 8 माह के बच्चे की भी मौत बताई गई हैं। बताया जा रहा है कि ऊर्जा निगम की टीम ने पीड़ित भैंस स्वामी को मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया है।
ऊर्जा निगम की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। रायसी गांव में स्थित गांव की एक गली में ऊर्जा निगम द्वारा लोहे का खंबा लगाया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक खंबे में पहले भी कई बार करंट आ चुका है। इसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा ऊर्जा निगम से की जा चुकी थी। लेकिन उसके बावजूद भी उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि बृहस्पतिवार की सुबह रायसी निवासी ग्रामीण की भैंस खुल कर गली में आ गई और वह खंबे के पास पहुंच गई। बस फिर क्या था खंबे में दौड़ रहे करंट की वजह से भैंस करंट की चपेट में आ गई और वहीं तड़प तड़प कर उसकी मौत हो गई। भैंस स्वामी ने इसकी जानकारी ऊर्जा निगम व पशुपालन विभाग को दी। जानकारी मिलने पर पशुपालन विभाग के डॉक्टर ने मौके पर पहुंचकर भैंस का पोस्टमार्टम किया। ग्रामीणों का कहना था कि डॉक्टर ने बताया कि भैंस आठ महीने की गाभिन थी। उसके पेट से मरा हुआ बच्चा निकला है। इसके बाद ऊर्जा निगम ने खंबे में दौड़ रहे करंट को ठीक किया। ग्रामीणों ने बताया कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने भैंस स्वामी को दुर्घटना बीमा दिए जाने का भरोसा दिया है। उधर भैंस स्वामी का कहना है कि उसकी भैंस की कीमत लगभग 1 लाख रुपए थी और वह आठ महीने की गाभिन थी।



