विश्व पर्यावरण दिवस पर हरिद्वार में विशेष पहल: “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत, उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष ने रोपा फलदार पौधा
प्रधानमंत्री के संकल्प को आगे बढ़ा रहे मंडी परिषद के अध्यक्ष....

क्लिक उत्तराखंड:-(ब्यूरो) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर उर्फ डब्बू ने कृषि उत्पादन मंडी यूनियन में छायादार एवं फलदार वृक्ष लगाए।
इस दौरान उन्होंने प्रधान मंत्री के संकल्प एक पेड़ मां के नाम अभियान को आगे बढ़ाने व सभी से पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक भी किया। साथ ही पर्यावरण के मौके पर गंगा स्नान किया।
गुरुवार को हरिद्वार जिले में धूमधाम के साथ विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस मौके पर उत्तराखंड कृषि मण्डी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर उर्फ डब्बू कृषि उत्पादन मंडी यूनियन समिति हरिद्वार पहुंचे। सचिव लवकेश गिरी व राष्ट्रीय सेवा समिति से अनुमा गिरी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मण्डी परिसर में फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए।
इस मौके पर अनिल कपूर उर्फ डब्बू ने कहा कि हमें अपने जीवन में ज्यादा से ज्यादा वृक्ष लगा कर पर्यावरण को स्वच्छ बनने में भागीदारी निभानी चाहिए। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प एक पेड़ मां के नाम आगे को बढ़ाते हुए वृक्षारोपण किया गया। मण्डी सचिव लवकेश गिरी ने बताया कि इस मौके पर मण्डी परिसर में आम, नीम, बड़, आवंला व बेलपत्र जैसे अन्य पेड़ लगाए गए। साथ ही व्यापारियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। व्यापारी मण्डी यूनियन के अध्यक्ष इमरान अलीम मंसूरी व पप्पू मंसूरी ने अन्य व्यापारियों के साथ अध्यक्ष अनिल कपूर का स्वागत किया एवं उनके कार्यों की सराहना की। इस दौरान मण्डी निरीक्षक वर्षा गुप्ता, जितेंद्र सिंह, अजय यादव सहित अन्य कर्मचारी व व्यापारी मौजूद रहे।