
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में बुलेटबाज नशे के दो धंधेबाजों से पुलिस को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों का जखीरा बरामद हुआ है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट के समक्ष पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए बहादराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
पुलिस के अनुसार, शांतरशाह चौकी प्रभारी अजय कुमार को सूचना मिली कि बुलेट बाइक सवार दो युवक क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन लेकर घूम रहे हैं।
पुलिस ने कार्यवाही करते हुए चेकिंग अभियान चलाकर दोनों तस्करों की घेराबंदी कर उनको दबोच लिया। पूछताछ करने पर दोनों तस्करों ने अपना नाम नसीम निवासी लंढौरा और तनमय ध्यानी निवासी रिस्पना नगर नेहरू कॉलोनी देहरादून बताया। तलाशी के दौरान दोनों नशे के धंधेबाजो के कब्जे से 93 अवैध प्रतिबंधित इंजेक्शन, एक बुलेट बाइक और नगदी बरामद हुई हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।



