
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पथरी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर जट गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब बिजली चोरी की शिकायत पर छापेमारी करने पहुंची विद्युत विजिलेंस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। टीम के गांव में प्रवेश करते ही माहौल गरमा गया और देखते ही देखते विरोध उग्र रूप ले बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोगों ने पहले टीम से तीखी बहस की, फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि टीम के साथ अभद्रता की गई और उन्हें मौके से खदेड़ने की कोशिश की गई।
इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे गुस्साई भीड़ ने अधिकारियों को घेर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमला करने वालों की पहचान वीडियो फुटेज से की जा रही है और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति है, लेकिन इस घटनाक्रम ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। टीम ने साफ कर दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।



