
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में संत रविदास जयंती पर निकली शोभायात्रा के दौरान रविवार को खूनी संघर्ष हो गया।
इस दौरान फायरिंग और पथराव में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, कई लोग घायल हुए हैं। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि दो पक्ष दलित समाज से हैं। और छींटाकशी को लेकर मामूली कहासुनी बवाल में बदल गई। फिलहाल गांव में डेरा डाले हुए हैं और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही हैं।
पहले हुआ पथराव, फिर हुई फायरिंग, चली गई एक की जान…

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों ओर से पथराव हुआ और इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में एक युवक को गोली लगी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना में दो अन्य युवकों के भी गोली लगने की सूचना है। दोनों को गंभीर हालत में रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फायरिंग के बाद आक्रोशित लोगों ने गोली चलाने के आरोपी युवक के घर पर तोड़फोड़ की और आगजनी की भी सूचना सामने आई है। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की पुष्टि और जांच कर रही है।
कई थाने की पुलिस मौके पर तैनात, आला अधिकारियों ने गांव में डाला डेरा….
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक देहात कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि हालात दोबारा न बिगड़ें। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग करने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

